home page

झांसी में पुलिस का विशेष अभियान, 84 वारंटी गिरफ्तार

 | 
झांसी में पुलिस का विशेष अभियान, 84 वारंटी गिरफ्तार


एक दिन में 100 गैर जमानती वारंटों का कराया तामीलापांच वारंटी मृत मिले, 10 ने कराया रिकॉल

झांसी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंटों (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में झांसी पुलिस ने रविवार को जनपदव्यापी विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एक दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने 84 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुल 100 एनबीडब्ल्यू का तामीला कराया। कार्रवाई के दौरान पांच वारंटी मृत पाए गए, जबकि 10 वारंटियों के वारंट रिकॉल कराए जाने की जानकारी मिली। एक अन्य मामले में धारा 84 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपराधियों पर अंकुश लगाने और न्यायालय से जारी आदेशिकाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और एसपी सिटी प्रीति सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने वारंटियों की तलाश में दबिश दी।

नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई

अभियान में नगर सर्किल के कोतवाली से 11, नवाबाद से एक, सीपरी बाजार से छह और सदर बाजार से दो वारंटी गिरफ्तार किए गए। सदर सर्किल में प्रेमनगर से 10, रक्सा से पांच, बबीना से दो और बड़ागांव से चार वारंटियों की गिरफ्तारी हुई।

टहरौली सर्किल में टहरौली से चार, सकरार से एक, बरुआसागर से सात और उल्दन से आठ वारंटी पकड़े गए। मोठ सर्किल में चिरगांव से चार, पूंछ से तीन, समथर से दो और शाहजहांपुर से एक वारंटी गिरफ्तार हुआ।

गरौठा सर्किल में गरौठा, एरच और गुरसराय से तीन-तीन तथा ककरबई से दो वारंटी पकड़े गए। मऊरानीपुर सर्किल में कटेरा और टोडीफतेहपुर से एक-एक वारंटी की गिरफ्तारी हुई।

61 नगर और 23 ग्रामीण क्षेत्र से गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार अभियान में नगर क्षेत्र से 61 और ग्रामीण क्षेत्र से 23 सहित कुल 84 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 100 आदेशिकाओं का निस्तारण कराया गया। न्यायालय से जारी वारंटों के समयबद्ध अनुपालन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया