home page

ट्रेनों पर पथराव करने वाला शातिर गिरफ्तार, पांच वारदातों का खुलासा

 | 
ट्रेनों पर पथराव करने वाला शातिर गिरफ्तार, पांच वारदातों का खुलासा


आरपीएफ की कार्रवाई; पूछताछ में आरोपित ने कबूला जुर्म, यात्रियों से विवाद के बाद लेता था बदला

झांसी, 30 जून (हि.स.)।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर ट्रेनों पर पथराव के पांच मामलों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी अर्जुन पाल के रूप में हुई है।

आरपीएफ के अनुसार 27 जून को मुस्तरा-झांसी रेलखंड पर बरौनी-ग्वालियर मेल के एक कोच पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया गया था। मामले की जांच के दौरान 29 जून को आरोपित को चिरगांव रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चार अन्य ट्रेनों पर भी पथराव करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पहले से दर्ज पांच मामलों का सफल खुलासा हो गया। आरोपित ने बताया कि वह ट्रेनों में झाड़ू लगाकर यात्रियों से पैसे मांगता था। विरोध या ट्रेन से उतारे जाने पर वह आउटर क्षेत्र में जाकर संबंधित ट्रेन पर पथराव कर बदला लेता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि पैंट्रीकार स्टाफ से मिलने वाली सुविधा बंद होने और आरपीएफ द्वारा रोके जाने पर भी वह आक्रोश में ऐसी घटनाएं करता था।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जीतेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित कुमार तथा कांस्टेबल रवि यादव व रविन्द्र कुमार त्रिपाठी की अहम भूमिका रही। आरपीएफ ने लोगों से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया