home page

पांच करोड़ के जेवरात चोरी कांड का खुलासा, गैंग का एक सदस्य महाराष्ट्र से गिरफ्तार

 | 
पांच करोड़ के जेवरात चोरी कांड का खुलासा, गैंग का एक सदस्य महाराष्ट्र से गिरफ्तार


दो हजार किलोमीटर तक खंगाले हजारों सीसीटीवी कैमरे

स्कॉर्पियो के नंबर से पुलिस पहुंची आरोपी तक,18 लाख रुपये के बैंक खाते फ्रीज

झांसी, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में ढाबे पर खड़ी बस से करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात से भरे दो बैग चोरी होने की घटना का झांसी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के एक शातिर गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक लाख 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में जमा करीब 18 लाख रुपये की रकम भी फ्रीज करा दी है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि 29 अक्टूबर को अमृतसर निवासी सराफा कारोबारी गुरु कीरत सिंह ने मऊरानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने बताया था कि वह सोने-चांदी के आभूषणों की बिक्री का काम करता है और झांसी समेत बुंदेलखंड तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में सराफा कारोबारियों को जेवरात बेचने जाता है। इसी सिलसिले में वह छतरपुर से जेवरात बेचकर पांच बैग में सोने-चांदी का माल लेकर बस से झांसी आ रहा था। रास्ते में मऊरानीपुर स्थित एक ढाबे पर बस रुकी। इसी दौरान उसके दो बैग गायब हो गए। इनमें करीब पांच करोड़ रुपये कीमत के जेवरात रखे हुए थे।

एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया। व्यापारी ने बताया था कि उसकी सीट के पीछे तीन संदिग्ध युवक बैठे थे, जो बस से उतरने के बाद स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इसी सुराग को आधार बनाकर जांच शुरू की। टोल प्लाजा पर फास्टैग के माध्यम से स्कॉर्पियो का नंबर हासिल किया गया। इसके बाद झांसी से महाराष्ट्र तक करीब दो हजार किलोमीटर के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के महलंगी पहुंची, जहां स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर अमोल मारुति पिटेकर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने पिता राजाराम पिटेकर, लक्ष्मण राजाराम, अन्नत राजाराम, सुनील अर्जुन जाधव और लक्ष्मण मारुति जाधव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर झांसी लाई। उसके कब्जे से नकदी, दो ओप्पो मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया