home page

शराब पार्टी में विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हत्या मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
शराब पार्टी में विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हत्या मामले में चार आरोपित गिरफ्तार


आलाकत्ल कुल्हाड़ी बरामद, शेष एक आरोपित की तलाश जारी

झांसी, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में चिरगांव थाना पुलिस ने शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में नरेंद्र राजपूत की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त की शाम नरेंद्र राजपूत अपने कुछ साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर साथियों ने नरेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना नरेंद्र के भाई पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चिरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नरेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उपचार के दौरान 28 अगस्त को नरेंद्र की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए विवेचना आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सोमवार/ मंगलवार की रात को चिरगांव थाना पुलिस ने ग्राम बरल निवासी बृजेंद्र अहिरवार, मनोज अहिरवार, चतुरसिंह और देवेंद्र को कहीं भागने की फिराक में प्रतीक्षालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।

पुलिस चारों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इनका है कहना

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने मंगलवार काे बताया कि चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद किया गया है। शेष एक अभियुक्त की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया