home page

ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास

 | 
ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास


ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास


झांसी, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में नवाबाद थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें ने पुलिस टीम को स्कूटी से टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी समेत ऑनलाइन सट्टा खिलाने से जुड़े कई साक्ष्य बरामद हुए हैं।

सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि पुलिस काे सूचना मिली थी कि पूर्व में दर्ज ऑनलाइन सट्टे के मुकदमों में फरार चल रहे प्रभात अग्रवाल, निवासी प्यारेलाल का हाता, थाना प्रेमनगर और उसका साथी गिरजा शंकर, निवासी नैनागढ़, शंकर जी का मंदिर, भगवंतपुरा के जंगलों में कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही दोनों आरोपित स्कूटी से भागने लगे। आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मियों को स्कूटी से टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपिताें को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपिताें के पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 2,700 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाली कई आईडी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपिताें की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में धर्मेंद्र साहू, सोनू, विकास, साजन, बॉबी, संजय अग्रवाल और निक्की अभी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया