home page

झांसी : दो अलग-अलग मुठभेड़ में लूट और दहेज हत्या के आरोपित गिरफ्तार

 | 
झांसी : दो अलग-अलग मुठभेड़ में लूट और दहेज हत्या के आरोपित गिरफ्तार


झांसी : दो अलग-अलग मुठभेड़ में लूट और दहेज हत्या के आरोपित गिरफ्तार


झांसी : दो अलग-अलग मुठभेड़ में लूट और दहेज हत्या के आरोपित गिरफ्तार


- दो घायल,आरोपिताें के कब्जे से तमंचे, कारतूस और घटनाओं में प्रयुक्त वाहन बरामद

झांसी, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए लूट और दहेज हत्या के मामलों में वांछित तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। नवाबाद पुलिस ने शुक्रवार काे लूट की घटना का 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा, जबकि सीपरी बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने दहेज हत्या के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से तमंचे, कारतूस और घटनाओं में प्रयुक्त वाहन बरामद किए। दोनों मुठभेड़ में एक-एक आरोपित के पैर में गोली लगी।

लूट का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में घायल समेत दो गिरफ्तार

नवाबाद थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आगे पानी की टंकी के पास हुई लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मोहम्मद सुलतान निवासी अली गोल खिड़की और पुलिस नंबर नाै निवासी अन्नू उर्फ समीम को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में मोहम्मद सुलतान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि महाराजगंज निवासी हेमंत कुमार ने 24 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि स्कूटी सवार बदमाशों ने उसके और साथी के साथ मारपीट कर तीन हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। एक नामजद आरोपित अफसर को मौके पर ही लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

शेष आरोपिताें की तलाश में रेलवे ग्राउंड के पीछे पुलिया नंबर नौ की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम का स्कूटी सवार आरोपिताें से सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपिताें ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मोहम्मद सुलतान के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक हजार रुपये, दो तमंचे 315 बोर, कारतूस, खोखे और स्कूटी बरामद हुई।

दहेज हत्या का 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में घायल

सीपरी बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने दहेज हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित यश ठाकुर को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पहुंच डैम जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी।

एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, 31 अगस्त को दतिया निवासी संतराम वंशकार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 29 वर्षीय बेटी सुधा उर्फ शिवानी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले यश ठाकुर से हुई थी। आरोप है कि दहेज और जातिसूचक बातों को लेकर उसका उत्पीड़न किया जाता था। 30 अगस्त की रात आवास विकास कॉलोनी स्थित किराये के मकान में मारपीट के बाद यश के फरार होने और अगले दिन सुधा के अचेत व रक्तरंजित हालत में मिलने की बात रिपोर्ट में कही गई थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने यश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस और स्कूटी बरामद की है। दोनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया