झारखंड की 30.3 बल्क लीटर देशी शराब व मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 10 अक्टूबर (हि. स.)। आबकारी विभाग ने नरदहा–चंद्रखुरी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए झारखंड राज्य की 30.3 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की है।
इस मामले में एक आरोपित को आज गिरफ्तार किया गया है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान 21 अद्धी और 120 पाव देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 6,765 रुपये बताई गई है, जबकि मोटरसाइकिल की कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त शराब पर “फ़ॉर सेल इन झारखंड” अंकित था, जिससे उसके झारखंड राज्य के लिए निर्धारित होने की पुष्टि हुई।
मामले में गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजेश प्रसाद सिंह (54 वर्ष), निवासी सेक्टर 9डी, बोकारो स्टील प्लांट, जिला बोकारो, झारखंड के रूप में हुई है। आरोपित के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

