home page

नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये लेने के आरोप में तृणमूल नेता गिरफ्तार

 | 
नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये लेने के आरोप में तृणमूल नेता गिरफ्तार


झाड़ग्राम, 30 अक्टूबर (हि.स.)। झाड़ग्राम में तृणमूल नेता अजीत महतो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर रात करीब दो बजे पुलिस ने उन्हें उनके घर से गिरफ्तार किया। उन पर वन विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करीब दस लाख रुपये लेने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, झाड़ग्राम के बाछुरडोबा निवासी सजल दास ने अजीत महतो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजीत ने वर्ष 2024 से 2026 के बीच चार किस्तों में उनसे करीब 10 लाख रुपये लिए थे। उन्होंने वन विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन नौकरी नहीं दिला सके। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उन्हें धमकी भी दी गई।

पुलिस शुक्रवार को अजीत महतो को झाड़ग्राम अदालत में पेश करेगी। पुलिस मामले की जांच के लिए उन्हें अपनी हिरासत में लेने की मांग कर सकती है।

अजीत महतो ने 2026 के विधानसभा चुनाव में गोपीबल्लभपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें भाजपा उम्मीदवार राजेश महतो के हाथों 26 हजार से अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा था। विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में ममता और ऋतब्रत गुट के बीच मतभेद सामने आए थे। जिले के राजनीतिक हलकों के अनुसार, अजीत महतो ममता बनर्जी के समर्थक माने जाते हैं।

इधर, अजीत के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि राजनीतिक कारणों से उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। परिजनों का दावा है कि पुलिस ने आधी रात को लोहे की रॉड से घर का दरवाजा तोड़कर अजीत को गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता