home page

मां की अनुपस्थिति में नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप, सौतेला पिता गिरफ्तार

 | 
मां की अनुपस्थिति में नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप, सौतेला पिता गिरफ्तार


झाड़ग्राम, 19 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम शहर के रघुनाथपुर इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मां की अनुपस्थिति में आरोपित ने डरा-धमकाकर बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किया। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की मां ने मंगलवार को झाड़ग्राम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपनी दो बेटियों के साथ रघुनाथपुर इलाके में किराये के मकान में रहती हैं। कामकाज या अन्य कारणों से जब वह घर से बाहर रहती थीं, तब उनके दूसरे पति यानी बच्चियों के सौतेले पिता ने इस स्थिति का फायदा उठाकर बड़ी बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि वह बच्ची को डराकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था।

बेटी से पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद मां ने झाड़ग्राम थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बुधवार को आरोपित को झाड़ग्राम महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया गुरुवार को उसे झाड़ग्राम की विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग का गोपनीय बयान दर्ज कराने और स्वास्थ्य परीक्षण सहित मामले के सभी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता