झाड़ग्राम में प्याज की बोरियों में छिपा 60 किलो गांजा बरामद
झाड़ग्राम, 16 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में पुलिस ने एक बड़े गांजा तस्करी मामले का खुलासा करते हुए लगभग 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह गांजा एक ट्रक में प्याज की बोरियों के पीछे छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में दो तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते एक ट्रक में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर झाड़ग्राम थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी शुरू की। ओडिशा से झाड़ग्राम में प्रवेश करते ही संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान प्याज से भरे ट्रक से चार बोरियां बरामद हुईं, जिनमें करीब 60 किलो गांजा रखा गया था। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा की बाजार कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप झारखंड ले जाई जा रही थी।
गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
स्थानीय निवासी लालटू घोष ने बताया कि इस सड़क पर पहले भी कई बार गांजा तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग का इस्तेमाल होने से पुलिस ने निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। फिलहाल पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

