महिला संविदा कर्मी की हत्या के चार आरोपित गिरफ्तार, असलहा बरामद
झांसी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। बीते रोज थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई फायरिंग के दौरान गोली लगने से हुई मौत की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और तलवार बरामद की हैं।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे आरोपितों ने कुसुम और उसके पुत्र राहुल पर गोली चला दी थी। घटना में कुसुम की मृत्यु हो गई, जबकि राहुल का उपचार चल रहा है। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 66/2026 धारा 103(1), 109(1), 352, 3(5) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने 25 फरवरी को कानपुर-ग्वालियर हाईवे स्थित नगरिया रोड ढाल के पास दबिश देकर नामजद अभियुक्तों—नीतेश वाल्मीकि, जितेंद्र उर्फ जीतू वाल्मीकि, शैलेंद्र उर्फ लोटू राजा तथा सोनू उर्फ भगत जी—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर 315 बोर का तमंचा, 12 बोर का देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा दो तलवारें बरामद की गईं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

