home page

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई लोगों पर अवैध कब्जा और रंगदारी का मुकदमा दर्ज

 | 
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई लोगों पर अवैध कब्जा और रंगदारी का मुकदमा दर्ज


झांसी, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना पुलिस ने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ अवैध कब्जा, चोरी, रंगदारी, मारपीट और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है।

नई दिल्ली के कैम्स विलेज निवासी डॉ. स्मिता पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 24 अप्रैल 2014 को शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी सराय शिया मस्जिद निवासी कला देवी उर्फ कुसुम से नयागांव स्थित एक प्लॉट खरीदा था। रजिस्ट्री के बाद वह प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए ईंट, बालू और सीमेंट सहित अन्य सामग्री लेकर पहुंचीं। आरोप है कि उसी दौरान महेश कश्यप, रमेश रायकवार और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा न्यायालय में स्टे होने की बात कहकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।

पीड़िता के अनुसार उन्होंने निर्माण कार्य रोक दिया और प्लॉट विक्रेता से संपर्क किया। बाद में आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि मौके पर रखी निर्माण सामग्री आरोपियों द्वारा उठा ली गई और अपने निर्माण कार्य में इस्तेमाल कर ली गई।

डॉ. स्मिता पांडे का आरोप है कि स्टे हटने के बाद भी वह वर्षों तक प्लॉट की देखरेख करती रहीं। फरवरी 2026 में उन्हें जानकारी मिली कि उसी जमीन पर जेसीबी चलाकर कब्जा किया जा रहा है और दाखिल-खारिज भी करा लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट में उन्हें गैरहाजिर दिखाकर एकपक्षीय कार्रवाई कराई गई।

पीड़िता का कहना है कि महेश कश्यप, कलावती, प्रहलाद, रमेश रायकवार समेत अन्य लोगों ने उनसे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। उनका आरोप है कि यह लोग संगठित गिरोह बनाकर जमीन खरीदने वालों को ब्लैकमेल करते हैं।

सारे आरोप निराधार : महेश कश्यप

वहीं महेश कश्यप ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वह शिकायतकर्ता महिला को जानते तक नहीं हैं और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया