झांसी : मुठभेड़ में सट्टा माफिया गिरफ्तार, करोड़ों के क्वाइंस और लाखों की संपत्ति जब्त
झांसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। झांसी जिले की नवाबाद पुलिस ने मंगलवार को आईपीएल क्रिकेट में सट्टा लगाने वाले माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक करोड़ 56 लाख से अधिक के क्वाइंस, करीब 24 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, तमंचा-कारतूस बरामद किए। 25 लाख रुपये से अधिक की रकम उसके बैंक खातों में सीज कराई गई है। इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि करगुवा रोड स्थित एक बिल्डर के पास एक युवक सट्टे की बुकिंग कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर अपराधी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई और अपराधी को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अपराधी ने अपना नाम बबीना के डुबकी गांव निवासी विवेक यादव बताया। उसके पास से कई ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स संचालित होने के सबूत मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके कई बैंक खातों में लेनदेन हो रहा था, जिनमें 25 लाख रुपये सीज कर दिए गए हैं। अपराधी ने पूछताछ में गिरोह में शामिल सत्येंद्र यादव, धर्मेंद्र साहू, हर्ष साहू, निशांत यादव, अरुण यादव, अंकित यादव, निलेश यादव और कुलदीप दिवाकर के नाम बताए हैं। पुलिस इन सभी फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

