ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मुख्य अपराधी नई दिल्ली से गिरफ्तार
झांसी, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश का झांसी की थाना नवाबाद पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक के ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के फरार 9 सदस्यों में से मुख्य अपराधी को देर शाम दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वयं की।
एसएसपी ने शुक्रवार देर रात जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों नवाबाद पुलिस ने छनियापुरा निवासी शुभम उपाध्याय, गल्ला मंडी रोड निवासी विजय बाधवा और डडियापुरा निवासी नितिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। आरोपितों के कब्जे से 08 मोबाइल फोन, 01 टैबलेट, 84,500 रुपये नगद, 01 फॉर्च्यूनर कार तथा करीब 100 करोड़ रुपये के अवैध सट्टा का बहीखाता बरामद किया था। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े विभिन बैंक खातों में जमा लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि को फ्रीज कराया गया। इस मामले में गिरोह का मुख्य अपराधी भाजपा नेता आशीष उपाध्याय नई दिल्ली के चाणक्यपुरम से गिरफ्तार किया गया है। वह उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक का डायरेक्टर है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि जिन 9 फरार सटोरियों की पुलिस को तलाश थी, उनमें से आशीष उपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद अब झांसी के पप्पू ,पंकज राय, सौरभ लिखधारी,आकाश चंचलानी,सुमित साहू,रोशन मुंशी समेत कानपुर निवासी सोनू चड्ढा और हरीश कुमार शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

