अब प्रेमनगर पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाज को दबोचा, मोबाइल व बाइक बरामद
सहयोगी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
झांसी, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रेमनगर पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन, 500 क्वाइन्स तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। वहीं आरोपित के तीन अन्य साथी फरार हो गए हैं। जिन्हें पुलिस तलाश करने में जुटी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय ने शनिवार काे बताया कि शुक्रवार काे थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोविंद नगर हंसारी निवासी सोहन यादव उर्फ सोनू पुत्र उद्धम सिंह यादव को न्यू गोविंद नगर स्थित बंगरिया से श्रीनगर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपित के पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में मोबाइल पर EVENT-SGP.BIDDER.KAYZEN.IO, PARIMATCH.COM, TVSPRO99.COM और PIXO7.CO वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलना पाया गया। आरोपित के ऑनलाइन वॉलेट में 500 क्वाइन्स भी मिले।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह एजेंट के रूप में काम करता था और शिवम राय, मौन्टी झा व जगवीर उर्फ जम्मी परिहार के माध्यम से सट्टा खिलवाता था। पैसों का लेनदेन भी इन्हीं लोगों के जरिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 182/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम व 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार सह अभियुक्तों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

