झांसी में छेड़छाड़ से आहत छात्रा ने दी जान, आरोपित गिरफ्तार
झांसी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के मोंठ थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ की घटना से आहत 9वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपित पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर छात्रा घर पर अकेली थी। उसकी मां रिश्तेदारी में गई हुई थीं और पिता ट्रक चालक हैं। मौसी खेत पर गई थीं, जबकि छोटे भाई-बहन स्कूल गए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला वीरेंद्र उर्फ वीरू साहू (32) घर में घुस आया। आरोप है कि उसने कमरे की अंदर से कुंडी बंद कर छात्रा के साथ जबरदस्ती की और छेड़छाड़ करने लगा।
इसी बीच स्कूल से लौटे छात्रा के छोटे भाई और मौसी के बेटे ने दरवाजे की कुंडी खोली तो आरोपी छात्रा के साथ गलत हरकत करता मिला। बच्चों को देखकर आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों की तहरीर पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया।
मौसी ने बताया कि घटना के बाद से छात्रा गहरे सदमे में थी। गुरुवार सुबह गांव में चर्चा फैलने और बदनामी के भय से उसने कथित तौर पर सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोंठ क्षेत्राधिकारी अजय श्रोत्रीय ने बताया कि पहले छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब छात्रा की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

