home page

अवैध शराब से भरा ट्रक छोड़कर भागा माफिया गिरफ्तार, 50 लाख से अधिक की बरामद हुई थी शराब

 | 
अवैध शराब से भरा ट्रक छोड़कर भागा माफिया गिरफ्तार, 50 लाख से अधिक की बरामद हुई थी शराब


झांसी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उप्र के झांसी में दो दिन पूर्व सेल टैक्स विभाग की टीम को देखकर अवैध शराब से भरा ट्रक छोड़कर फरार हुए शराब माफिया को थाना सीपरी बाजार पुलिस ने गुरुवार काे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से ट्रक चालक के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर शराब तस्करी का खेल शुरू किया था।

जानकारी के मुताबिक 31 जनवरी को सेल टैक्स विभाग की टीम ग्वालियर रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को देखकर ट्रक संख्या यूपी 13 बीटी 800 का चालक ट्रक को सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर कागज के गत्तों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध शराब की पेटियां बरामद हुईं।

सेल टैक्स विभाग ने तत्काल इसकी सूचना थाना सीपरी बाजार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए ट्रक से 503 पेटी अवैध शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि रजिस्ट्रेशन में दर्ज मोबाइल नंबर एक साइबर कैफे कर्मचारी का था। साइबर कैफे संचालक से पूछताछ में पता चला कि ट्रक करीब एक माह पूर्व खरीदा गया था, लेकिन ओटीपी न मिलने के कारण रजिस्ट्रेशन में कर्मचारी का मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया गया था।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक के वास्तविक मालिक सतीश माली निवासी बलिया, जिला संभल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने चालक के साथ मिलकर फर्जी एग्रीमेंट व नोटरी दस्तावेज तैयार कर अवैध शराब की तस्करी की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया