झांसी मुठभेड़ में दो शराब तस्कर गिरफ्तार, विभिन्न कंपनियों की 256 बोतल अवैध शराब बरामद
-तस्करी को मप्र ले जा रहे थे शराब, कार, नकदी व तमंचा-कारतूस बरामद
झांसी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रक्सा पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। ग्राम अठोदना पठारी तिराहा क्षेत्र में पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपिताें के कब्जे से एक चार पहिया वाहन में रखी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 256 बोतलें, एक देशी तमंचा, कारतूस, एक लाख से अधिक नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
रक्सा थाना प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भूपेन्द्र सिंह यादव पुत्र गोविन्द सिंह यादव निवासी गोविन्दगंज पठ्ठापुरा थाना कोतवाली दतिया (मध्य प्रदेश) तथा विष्णु सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी ग्राम बुराबई थाना एवं जनपद डींग (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित यूपी 93 बीआर 6688 नंबर की गाड़ी से अवैध शराब की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने बचने के लिए जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक लाख 32 हजार 550 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा कुल 79.425 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72, बीएनएस की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/28 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित झांसी से मध्य प्रदेश में शराब की तस्करी करने जा रहे थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

