किशोरी का अपहरण के बाद दुष्कर्म व हत्या मामले के दो आरोपित मुठभेड़ में घायल
घटना के 4 दिन बाद पुलिस को हाथ लगी सफलता
झांसी, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में चार दिन पूर्व किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या कर शव को कुएं में फेंकने वाले दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। देर रात शनिवार को स्वाट, सर्विलांस और उल्दन थाना पुलिस की संयुक्त टीम से हुई मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को उल्दन थाना क्षेत्र के निमौनी गांव में एक कुएं से किशोरी का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान हर्षिता आर्य पुत्री सुरेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें दो संदिग्धों के नाम सामने आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने रविवार को बताया कि उक्त मामले में पुलिस टीम बीती देर रात निमौनी रपटा पुल के पास संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैर में गोली जा लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।
एसपी सिटी ने बताया कि घायल आरोपितों ने पूछताछ में अपने नाम शैलेंद्र अहिरवार और ठाकुर दास निवासीगण ग्राम निमौनी बताए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा, 7 जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म और हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंकने की बात कबूल की है। आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

