पांच दिन बाद एसएसपी के हस्तक्षेप पर युवक से मारपीट व बंधक बनाने के मामले में मुकदमा दर्ज
धमकी देकर जबरन ट्रांसफर कराए थे 75 हजार, 2.25 लाख रुपये की दूसरे की चेक की गारंटी पर छोड़ा था
झांसी, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बीते दिनों सदर बाजार थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक को घेरकर मारपीट करने और बंधक बनाते हुए जान से मारने की धमकी देकर 75 हजार रुपये मोबाइल से ट्रांसफर कराए गए। उसका अपहरण करने का प्रयास किया गया। दूसरे की चेक की गारंटी के बाद छोड़ा गया। मामले में आखिरकार एसएसपी के हस्तक्षेप के चलते पांच दिन बाद मंगलवार काे मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
ग्राम बामौर निवासी सतेंद्र सिंह चौहान ने थाना सदर बाजार पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उसकी पहचान बरुआसागर निवासी प्रहलाद यादव से थी। प्रहलाद ने अपने व्यवसाय के लिए उससे अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस के माध्यम से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये उधार लिए थे और 6-7 महीने में वापस करने का वादा किया था। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी प्रहलाद ने पैसे नहीं लौटाए। जब सतेंद्र ने पैसे मांगे तो आरोपित ने उसे धमकी दी। कहा कि अगर ज्यादा दबाव बनाया तो उसके बच्चों का अपहरण करा देगा।
पीड़ित ने बताया कि 11 मार्च 2026 को वह झांसी के भगवंतपुरा स्थित पैराडाइज गार्डन में एक परिचित की शादी में शामिल होने आया था। रात करीब 12:48 बजे कैलाश यादव नाम के व्यक्ति ने उसे फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। इसके बाद जब वह अपने मित्रों के साथ वापस लौट रहा था, तभी मून सिटी कॉलोनी के पास 3-4 कारों में सवार होकर प्रहलाद यादव, कैलाश यादव और 14-15 अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर सतेंद्र को घेर लिया, गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और धमकी देते हुए कहा कि पुलिस में शिकायत करने की वजह से उनके तीन लाख रुपये खर्च हो गए हैं। यदि वह तीन लाख रुपये नहीं देगा तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। आरोपियों ने सतेंद्र को जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसके मोबाइल से पैसे ट्रांसफर किये। एक बार 90 हजार रुपये भेजने का प्रयास असफल रहा, लेकिन बाद में 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इसके अलावा उसके मित्र से चेक के माध्यम से 2 लाख 25 हजार रुपये भी ले लिए गए, तब जाकर आरोपियों ने उसे छोड़ा।
पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी और पुलिस से प्रहलाद यादव, कैलाश यादव सहित 14-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। पांच दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। पीड़ित अपने पिता के साथ मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति से आपबीती सुनाने जा पहुंचे। पूरा मामला संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने पहले तो सदर बाजार थाना प्रभारी की क्लास ली और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सुसंगत धाराओं में पुलिस ने आरोपियों कैलाश यादव व प्रह्लाद यादव को नामजद करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़ित एसएसपी को धन्यवाद देते नजर आए। सदर थाना प्रभारी महेश चंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

