home page

झांसी में तीन शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की सात बाइक बरामद

 | 
झांसी में तीन शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की सात बाइक बरामद


झांसी में तीन शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की सात बाइक बरामद


झांसी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गरौठा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

जानकारी देते हुए प्रशिक्षु आईपीएस अरीबा नोमान ने बताया कि मंगलवार को थाना गरौठा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपितों ने अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा किया, जिसके आधार पर कुल छह अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विवेक सिंह (24) निवासी ग्राम कैरोखर थाना ककरवई, सूर्यसेन उर्फ पहलवान (23) निवासी ग्राम रघौली थाना गरौठा तथा विकेश (20) निवासी ग्राम धमनापायक थाना लहचूरा के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि 21 मार्च 2026 को कस्बा गरौठा स्थित जायसवाल विवाह घर के बाहर से अनुराग सिंह की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना गरौठा पर मुकदमा अपराध संख्या 64/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह द्वारा की जा रही थी।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2), 317(4) एवं 317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपित संगठित तरीके से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया