अब सीपरी बाजार पुलिस ने पकड़े दो सटोरिये, 08 करोड़ के लेनदेन का मिला हिसाब
सरगना फरार, 09 खातों में एक लाख 80 हजार किये फ्रीज, 04 मोबाइल भी बरामद
झांसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में ऑन लाइन क्रिकेट सट्टा माफियाओं के खिलाफ जनपद की पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज थाना सीपरी बाजार पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 05 हजार रुपये बरामद किए। साथ ही आठ करोड़ से ज्यादा की क्वाइंस का लेनदेन समेत उनके बैंक खाते में एक लाख अस्सी हजार रुपये की नगदी फ्रीज कराई है। इस दौरान इनका एक साथी भागने में सफल हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे ने गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में क्रिकेट के सट्टा माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान थाना सीपरी बाजार एवं साइबर थाना और ग्वालियर रोड चौकी पुलिस ने महेन्द्रपुरी कॉलोनी निवासी अंशुमान सिंह और अभिषेक पाठक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ऑन लाइन सट्टे की बुकिंग की वेबसाइट आईडी, चार मोबाइल फोन, पांच हजार तीन सौ बीस रुपये, अलग-अलग वेबसाइटों पर ऑन लाइन आठ करोड़ पांच लाख 49 हजार 138 के क्वाइन्स का लेनदेन, बैंकों के अलग-अलग 09 खातों में एक लाख अस्सी हजार की नकदी को फ्रीज कराया। पकड़े गए सटोरियों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ इस गिरोह सरगना उनका एक साथी भी शामिल है। उसका नाम रवि कुशवाहा बताया। रवि नई बस्ती पठौरिया निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बताया गया कि रवि पिछले 06 साल से सट्टे के धंधे में उतरा हुआ है।
सटोरियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना सीपरी बाजार के ग्वालियर रोड चौकी प्रभारी दिलीप पांडे, भोजला मंडी चौकी प्रभारी अनुराग शर्मा, थाना सीपरी बाजार, साइबर टीम उपनिरीक्षक सचिन मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक वंदना कश्यप, कॉन्स्टेबल नवीन कुमार, कर्मवीर सिंह, देवेंद्र कुमार, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

