home page

बेड़ो में युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्तों पर ही लगा आरोप

 | 
बेड़ो में युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्तों पर ही लगा आरोप


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मृत युवक की पहचान बेड़ो की घाघरा पंचायत स्थित मधुपुर गांव निवासी सुरेंद्र मुंडा के पुत्र रविंद्र मुंडा (25 वर्ष) के रूप में की गई है। रविंद्र की हत्या का आरोप उसके दोस्तों पर ही लगा है।

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हत्या का आरोप रविंद्र के बचपन के दोस्त विकास मुंडा पर लगा है। बुधवार रात रविंद्र अपने दोस्त विकास के साथ घर से निकला था, लेकिन गुरुवार सुबह मधुपुर गांव के अखड़ा के समीप उसका खून से लथपथ शव मिला। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बेड़ो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद में हत्या का मामला बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस संबंध में रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपितों की पहचान हो गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे