home page

मारपीट के बाद हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल

 | 
मारपीट के बाद हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल


सरायकेला, 03 मार्च (हि.स.)। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी की घटना सामने आई। श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के पास अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबकने को वि​वश हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से राजवीर सिंह(22) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अपराधकर्मी संजय सरकार के पुत्र शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप लगा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर ने आशीष नामक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन वह राजवीर सिंह को जा लगी। पुलिस को संदेह है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे