फायरिंग मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
रांची, 12 जून (हि.स.)। नामकुम थाना क्षेत्र के सामलोंग स्थित अराफात अपार्टमेंट के पास हुई फायरिंग की घटना में रांची पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद टीपू उर्फ सद्दाम और मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ बौना के रूप में हुई है। दोनों नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार 10 जून की शाम अपराधियों ने शमशेर आलम नामक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस वारदात में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कुछ अन्य अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

