चतरा में 709 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चतरा, 24 जुलाई (हि.स.)। गिद्धौर थाना पुलिस ने बेलगाछ के समीप चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान 709 ग्राम प्रतिबंधित अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा साइन बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
सिमरिया एसडीपीओ कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के नाम दयानंद कुमार और रामप्रवेश कुमार है। पुलिस ने उन्हें गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेलगाछ के समीप चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों अफीम की खेप लेकर चौपारण की ओर जा रहे थे। आशंका है कि हाईवे के रास्ते खेप को दूसरे राज्य में तस्करी के लिए भेजने की योजना थी। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसडीपीओ ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में सक्रिय तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मुख्य तस्करों, सप्लायर और कुरियर की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव,थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

