home page

पीएलएफआई के दो उग्रवादी गिरफ्तार

 | 
पीएलएफआई के दो उग्रवादी गिरफ्तार


रांची, 5 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों एक व्यवसायी से 50 लाख रुपये की लेवी वसूलने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और उनके कब्जे से संगठन के पर्चा, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई है।

नगड़ी थाना क्षेत्र के व्यवसायी बजरंग महतो से पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में नगड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक(एसएसपी) के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जो लगातार आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि संगठन के सदस्य लेवी की रकम लेने आने वाले हैं। इसी के आधार पर विशेष टीम ने जाल बिछाया और सफायर स्कूल के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित अपाचे मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। आरोपितों की पहचान अरुण लोहरा और सूरज लोहरा के रूप में हुई है। दोनों खूंटी जिले के बेलवादाग गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने व्यवसायी से लेवी लेने आने की बात स्वीकार की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे