home page

पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार


गोड्डा, 09 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला ०5 जुलाई की रात का है। सनोखर थाना क्षेत्र (जिला भागलपुर) की एक महिला ने ०8 जुलाई को महागामा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि ग्राम लौगांय निवासी एक युवक ने अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर खोए हुए मोबाइल को ओझा-गुनी के माध्यम से खोजने का झांसा देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

आवेदन के आधार पर महागामा थाना में मुख्य आरोपित मो अकरम सहित अन्य अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी ) का गठन किया गया।

गठित एसआईटी टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित मो अकरम ( 19) को गिरफ्तार किया। उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस कांड में संलिप्त चार अन्य आरोपितों नूर नबी (35), मो युसुफ (22), मो आसिफ (21) और खुर्शीद आलम (23), सभी निवासी ग्राम लौगांय, थाना महागामा को भी गिरफ्तार किया गया।

एसडीपीओ ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक टोटो वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

एसपीडीओ ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कार्रवाई में महागामा और आसपास के थाना क्षेत्रों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार