संपत्ति विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, गिरफ्तार
गोड्डा, 05 नवंबर (हि.स.)। मेहरमा थाना क्षेत्र के हीराखुटहरी-भगैया गांव में संपत्ति बंटवारे को लेकर गुरुवार काे हुए विवाद में बड़े बेटे पर अपने 77 वर्षीय पिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान रामजी साह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित पुत्र गणेश साह को हिरासत में ले लिया।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी बासमती देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र गणेश साह और छोटा पुत्र कृष्ण कुमार साह है। पिछले करीब पांच वर्षों से परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, पिता ने अपनी लगभग 60 प्रतिशत संपत्ति का बंटवारा दोनों बेटों के बीच कर दिया था, जबकि शेष 40 प्रतिशत संपत्ति का बंटवारा अपने निधन के बाद करने की बात कह रहे थे। हालांकि, बड़ा बेटा गणेश साह पिता के जीवित रहते ही शेष संपत्ति का बंटवारा करने की मांग पर अड़ा हुआ था। इसे लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था।
बताया जाता है कि सुबह भी गणेश साह का अपने पिता के साथ संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोप है कि आवेश में आकर गणेश ने अपने पिता का गला दबा दिया और उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। उनकी हालत बिगड़ता देख परिजन आनन-फानन में उन्हें रेफरल अस्पताल पीरपैंती, भागलपुर (बिहार) ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मेहरमा थाना की पुलिस गांव पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को थाना लाया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित पुत्र गणेश साह को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

