अपराधियों ने जेवर दुकान से छह लाख कैश और लाखों के गहने लूटे
गोड्डा, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के गोड्डा मुख्य बाजार में बुधवार की रात में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए गोलीबारी और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार स्थित बंगाल ज्वेलर्स में तीन अज्ञात अपराधी एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। सभी अपराधी मास्क पहने हुए थे और उनके हाथों में पिस्तौल थी। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार को आतंकित कर नकदी और आभूषण लूट लिए।
दुकान के संचालक वासुदेव राय ने बताया कि अपराधियों ने अचानक हमला किया, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। किसी तरह जान बचाकर वे मौके से भागे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी 06 लाख रुपये से अधिक नकदी के साथ-साथ लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद दुकान में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था, जबकि कुछ नकदी फर्श पर गिरी हुई नजर आई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे अपराधियों की पहचान में मदद मिल सकती है।
वहीं मौके पर अपराधियों ने फायरिंग भी की। हालांकि कितने राउंड फायरिंग हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जब मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना हो सकती है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी को खंगाला। सीसीटीवी में अपराधियों की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस जिले के सभी चौक चौराहों पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चला रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

