home page

नाबालिग की हत्या कर एंबुलेंस से गयाजी ले जाकर किया दाह संस्कार, पिता-पुत्र गिरफ्तार

 | 
नाबालिग की हत्या कर एंबुलेंस से गयाजी ले जाकर किया दाह संस्कार, पिता-पुत्र गिरफ्तार


रांची, 06 अप्रैल (हि.स.)। रांची के रातू थाना क्षेत्र के झखराटांड़ गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लोक-लाज के नाम पर एक नाबालिग लड़की की हत्या कर शव को एंबुलेंस से बिहार ले जाकर दाह संस्कार कर देने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रातू थाना क्षेत्र के झखराटांड़ गांव में 2 अप्रैल की रात एक लड़की के लापता होने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में नाबालिग के गायब होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के फुटेज से अहम सुराग मिले। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घर में रह रही नाबालिग लड़की की हत्या खुद उसके पिता सुबोध पाठक और पुत्र राहुल पाठक ने की है।

एसपी ने बताया कि आरोपितों ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि हत्या के बाद शव को एंबुलेंस से बिहार के गयाजी ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित एंबुलेंस को जब्त कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि लड़की का संपर्क इंस्टाग्राम के जरिए परिवार के एक रिश्तेदार से था, जिसे लेकर परिवार में नाराजगी थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे