भाभी के नौ लाख के जेवर चुराने वाला देवर गिरफ्तार
बांदा, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र में भाभी के करीब नौ लाख रुपये कीमत के आभूषण चोरी करने वाले देवर को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी किए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकलोढ़ी निवासी दयाराम ने 16 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी कि उसके घर से चोरों ने कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की।
इसी क्रम में 18 अगस्त को बिसंडा पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने रामबली को ग्राम गोकुल पुरवा-इटरा मिलौली मार्ग स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 15 अगस्त को अपनी भाभी के आभूषण चोरी किए थे। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये है।
थानाध्यक्ष बिसंडा चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपित को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

