home page

नंदवान गांव में दोस्तों के साथ मिलकर 20 लाख के आभूषण और चार लाख की नगदी चुराई

 | 
नंदवान गांव में दोस्तों के साथ मिलकर 20 लाख के आभूषण और चार लाख की नगदी चुराई


जोधपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। शहर के विवेक विहार थाना क्षेत्र नंदवान गांव में 8 अगस्त की रात को हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए एक शातिर नकबजन को पकड़ा है। आरोपित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 20 लाख के जेवरात और 4 लाख की नगदी पर हाथ साफ किया था। शातिरों ने परिवार की मौजूदगी में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरी के खुलासे के तकरीबन 300 मकानों और 500 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और शातिर नकबजन तक पहुंची। वारदात में शामिल अन्य नकबजनों की तलाश जारी है।

पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया एवं डीसीपी वेस्ट श्रीमती कमल शेखावत के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रवीण कुमार, व एसीपी लूणी मुकेश कुमार के सुपरविजन में पुलिस थाना विवेक विहार थानाधिकारी बलवंताराम ने थाना स्तर पर एक विशेष टीम एएसआई मेवाराम, कांस्टेबल कैलाश राजपुरोहित, शैतानाराम, दीनदयाल, राजेन्द्र और ओमप्रकाश का गठन किया गया।

नंदवान निवासी इन्साफ अली पुत्र सुलेमान खाँ ने रिपोर्ट दी कि 7 अगस्त की रात में परिवार वाले खाना खाकर घर पर कमरो के आगे चौक में सो रहे थे। सुबह उठ कर 4 बजे देखा तब घर के दरवाजे खुले हुए थे। मकान के अन्दर जाकर देखा तब कमरे अलमारी खुली पड़ी थी, ताला टुटा हुआ था तथा सामान पलंग पर बिखरा हुआ पड़ा था।

सामान की जांच की तब पता लगा कि सोने का नेकलेस सोना का वजन 2 तोला, गले की दो कन्टी वजन 2 तोला व एक 3 तोला की , सोना की अगुंठी जिसका वजन 1.5 तोला , मंगल सुत्र पेन्डल जिसका वजन 1.5 तोला, रोकड़ 4 लाख रूपए, चांदी के कडला पायल गजरा चूडिय़ां 1.5 किलो, कानों की बाला जोड़ी 1 तोला थी। जोकि अज्ञात चोर चुराकर ले गए।

पुलिस ने वारदात के खुलासे के लिए 300 मकान व 500 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज चैक किए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात नकबजनो के हुलिए का पता लगाया गया। हुलिये के आधार पर एक शातिर नकबजन सिंधियों का बास सिवांची गेट निवासी नवीन भाटी को गिरफतार किया गया।

पुलिस पूछताछ में पता लगा कि आरोपित द्वारा अपने दोस्तों के साथ मिल कर नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने अपने घरों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए, आपका एक छोटा सा सहयोग किसी वारदात का खुलासा करने ने महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है।

घर के बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा न केवल परिवार और सम्पति की सुरक्षा करता है, बल्कि आसपास होने वाली चोरी एवं नकबजनी की वारदातों के खुलासे मे भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश