home page

घर का दरवाजा तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात ले गए चोर

 | 
घर का दरवाजा तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात ले गए चोर


बहराइच, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की सेमरा ग्राम पंचायत के मजरा पंचम पुरवा में सोमवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए घर का दरवाजा तोड़ दिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

पीड़ित सुरेश चंद्र पाठक के मुताबिक सोमवार रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। कमरे में रखी अटैची और बक्शे को उठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर ले गए। वहां दोनों को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि चोरी गए जेवरात में सोने का मंगलसूत्र, मांग टीका, झुमकी, करधन, पायल, माला और नथिया समेत चांदी के 21 सिक्के, चांदी की जंजीर, धारा, फूल, थाली आदि शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार जेवरात व अन्य सामान की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा घर में रखे एक लाख 32 हजार रुपये नकद और गुल्लक भी चोर उठा ले गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय चोरों की एक कुल्हाड़ी मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस ने जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना है। सुबह चोरी की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष सन्दीप दुबे ने बताया कि चोरी की घटना की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है और घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA