सूरत में ज्वेलर्स की दुकान की छत काटकर 30 लाख रुपये के जेवरात ले गए बदमाश
सूरत, 28 जून (हि.स.)। गुजरात के सूरत के पांडेसरा क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये के चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर लिए।
पांडेसरा के गीता नगर स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत की टिन शीट काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे चांदी के जेवरात, बर्तन और ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए कीमती सामान को चोरी कर फरार हो गए।
दुकान मालिक मनोज भगवानदास सोनी ने बताया कि उनकी दुकान पांडेसरा मेन रोड पर स्थित है। अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का पतरा काटकर अंदर प्रवेश किया और चांदी के जेवरात, चांदी के बर्तन तथा ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया कीमती सामान चोरी कर लिया।
उन्होंने बताया कि चोर करीब 15 किलो चांदी का सामान ले गए, जिसमें पुरुष और महिलाओं के ब्रेसलेट, चांदी के बर्तन, गिलास, मूर्तियां, कंदोरा तथा 925 सिल्वर की विभिन्न वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा करीब ढाई किलो पुराना चांदी का स्क्रैप भी चोरी हो गया। चोरी गए सभी सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
रविवार सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो पांडेसरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

