home page

मकान से आभूषण चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
मकान से आभूषण चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार


दरवाजे की कुंडी तोड़कर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर

बांदा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के ग्राम जुगरेहली में मकान का दरवाजा तोड़कर आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने पुलिस के मुताबिक, जुगरेहली गांव निवासी केशनिया पत्नी कमलेश ने 10 अक्टूबर को बबेरू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 और 10 अक्टूबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं।

इसी क्रम में 11 और 12 अक्टूबर की दरम्यानी रात पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वंशीपुरवा मोड़ की पुलिया के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल पुत्र इसरार और शरीफ उर्फ बनिया पुत्र सुबराती, निवासी ग्राम हरदौली, थाना बबेरू, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह