home page

कर्ज चुकाने के लिए दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से 37 लाख के गहने लूटने वाला दिल्ली से गिरफ्तार

 | 
कर्ज चुकाने के लिए दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से 37 लाख के गहने लूटने वाला दिल्ली से गिरफ्तार


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। वैशाली नगर इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में चाकू की नोक पर करीब 37 लाख रुपये के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने वारदात के आरोपित दिग्विजय सिंह (32) निवासी देवी नगर कालवाड़ रोड को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने कर्ज चुकाने के लिए लूट की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपित पर करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन और 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन बकाया था। इसके अलावा उसने दोस्तों से भी उधार ले रखा था। फिलहाल लूटे गए गहनों की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वेलर्स शोरूम में लूट की वारदात हुई थी। शोरूम में ज्वेलरी कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत अंजलि कायस्थ ने इस संबंध में वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि सुबह शोरूम खोला था। उस समय सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता भी वहां मौजूद थे। सुबह करीब 10:30 बजे वह मैनेजर रोहित जांगिड़ से फोन पर स्टॉक रिपोर्ट कार्ड को लेकर बात कर रही थीं। इसी दौरान मुंह पर मास्क और सिर पर पीली टोपी लगाए एक युवक काले रंग का बैग लेकर शोरूम में दाखिल हुआ।

युवक ने अचानक बैग से चाकू निकालकर महिला कर्मचारी को धमकाया और गहने बैग में रखने के लिए कहा। महिला कर्मचारी ने सिक्योरिटी गार्ड को आवाज लगाई तो बदमाश ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर महिला कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और शोरूम में रखे सोने व हीरे के आभूषण जबरन अपने बैग में भर लिए। वारदात के दौरान भय के कारण महिला कर्मचारी और गार्ड विरोध नहीं कर सके। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद शोरूम स्टाफ और मालिक ने स्टॉक की जांच की तो सात गले के हार और 31 अंगूठियां गायब मिलीं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। फुटेज में सामने आया कि आरोपित स्कूटी से शोरूम के आसपास पहुंचा था और पहले रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर मास्क और सिर पर कैप लगा रखी थी।

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण, आसूचना तंत्र और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपित की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित लूटे गए गहनों को बेचने के लिए दिल्ली गया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी आधार पर उसका पीछा किया और दिल्ली पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। जयपुर लाकर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिग्विजय सिंह बीएससी नर्सिंग कर चुका है। वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश भी गया था और वहां नौकरी करने का अनुभव भी रखता है। इसके लिए उसने करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन लिया था। इसके अलावा करीब 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन और दोस्तों से भी उधार ले रखा था। नौकरी छूटने के बाद वह पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार था। वह ओयो कंपनी के लिए अनुबंध आधार पर संपत्तियों की तलाश का काम कर रहा था। कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने पर उसने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई और ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाया।

पुलिस के अनुसार आरोपित शादीशुदा है और उसका चार साल का बेटा है। उसका इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। नौकरी छूटने और आर्थिक तंगी के चलते वह कर्ज में डूब गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने शोरूम की रेकी की और चाकू की नोक पर गहने लूट लिए। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दिल्ली से पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आरोपित से लूटे गए सात हार और 31 अंगूठियों की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद उसने गहने कहां छिपाए या किसी को बेचे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश