गुढ़ियारी ज्वेलर्स चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार; 14.51 लाख का माल बरामद
रायपुर, 4 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की पूरी मशरूका और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का सामान बरामद किया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सुनील जैन ने गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर वह घर चला गया था। 30 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो दाहिनी ओर की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी और दीवार में बड़ा छेद था। दुकान का फर्नीचर बिखरा हुआ था तथा डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों की जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
कर्ज में डूबा था मास्टरमाइंड
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने आज रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, विशाल सचदेव इस चोरी का मास्टरमाइंड था। आरोपित ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी, जिसके लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री नहीं चलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ और कर्ज देने वाले लोग लगातार पैसे की मांग कर रहे थे। आर्थिक परेशानी के चलते उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ चोरी की योजना बनाई।
आरोपितों ने पहले ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की और रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात आरोपितों ने दुकान की दीवार में आधा छेद किया और वहां से लौट गए। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा मौके पर पहुंचे। पहले से किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के भीतर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
14.51 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपित विशाल सचदेव निवासी आजाद चौक, रायपुर और सूरज ढीमर निवासी ग्राम सुनवानी, जबलपुर (मप्र) को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। जब्त सामान में करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण, 3.5 किलोग्राम वजन के करीब 7 लाख 91 हजार 700 रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण, वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार तथा बिना नंबर की एक्टिवा शामिल है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये बताई गई है।
मामले में फरार तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपितों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

