रायपुर में 1.88 करोड़ रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी, महिला आरोपित गिरफ्तार, एक फरार
रायपुर, 13 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान से करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आज मंगलवार को एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित ने अपनी एक महिला साथी के साथ मिलकर नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत होने का झांसा देकर ज्वेलरी कारोबारी का विश्वास जीता और गलत हस्ताक्षर वाले चेक देकर कथित रूप से ठगी की। मामले में दूसरी महिला आरोपित अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी ज्वेलरी कारोबारी रिखब बरडिया ने थाना सिटी कोतवाली में साेमवार 12 अक्टूबर काे शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को किरण साहू अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची और स्वयं को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया। विश्वास में लेकर दोनों ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया।
इसके बाद 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण ले गईं। भुगतान के एवज में 1,73,37,630 रुपये का एक अन्य चेक दिया गया। दोनों ने दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट देने का आश्वासन भी दिया था।
शिकायत के अनुसार, कारोबारी ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, लेकिन गलत हस्ताक्षर होने के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद किरण साहू से संपर्क करने पर वह टालमटोल करती रही। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया। इस तरह कारोबारी के साथ कुल 1,88,37,630 रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपितों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आज मंगलवार को जांच के दौरान महिला आरोपित किरण साहू की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किरण साहू निवासी मजदूर नगर सरोरा रायपुर ने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के संबंध में उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार दूसरी महिला आरोपित की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

