चौदह महीने से बंद ज्वेलरी फैक्ट्री में चोरी: स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार काटकर घुसे बदमाश
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित चौदह महीने से एक बंद ज्वेलरी फैक्ट्री में बदमाशों ने सेंध लगाकर स्ट्रॉन्ग रूम से कीमती गहने और अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने स्ट्रॉन्ग रूम की दीवार काटकर उसमें बड़ा छेद किया और अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान फैक्ट्री का सुरक्षा गार्ड छुट्टी पर था। पीड़ित ज्वेलर पार्टनर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई धर्मवीर ने बताया कि श्याम नगर निवासी अजय शंकर खंडेलवाल (62) ने मामला दर्ज करवाया है कि वह शंकर ज्वेल्स कंपनी में पार्टनर हैं। कंपनी की सीतापुरा स्थित फैक्ट्री में कीमती आभूषण और अन्य सामान तैयार किए जाते थे। इनकी सुरक्षा के लिए परिसर में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया था। जहां गुरुवार को फैक्ट्री में बने स्ट्रॉन्ग रूम की जांच की गई तो उसमें अज्ञात बदमाशों की ओर से बड़ा छेद किया हुआ मिला। बदमाश इसी रास्ते अंदर घुसे और वहां रखे कीमती गहने व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
एसआई धर्मवीर ने बताया कि फैक्ट्री सितंबर 2025 में बंद हो गई थी। इसके बाद कंपनी ने फैक्ट्री को लॉक कर वहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात किया था। पिछले 6-7 महीने से गार्ड की तबीयत खराब होने के कारण वह भी छुट्टी पर चला गया था। करीब 14 महीने बाद कंपनी के अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया तो चोरी का पता चला।
जांच के दौरान फैक्ट्री की एक खिड़की का कांच टूटा हुआ मिला और उसकी ग्रिल भी हटाई हुई थी। स्ट्रॉन्ग रूम करीब 6 फीट ऊंचा और 4 फीट चौड़ा है। बदमाशों ने इसे काटकर करीब 1×1.6 फीट का छेद बनाया था।
कंपनी अधिकारियों को आशंका है कि बदमाश फैक्ट्री की पिछली करीब 5 फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसे और खिड़की के रास्ते स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचे। इसके बाद दीवार में छेद कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल चोरी हुए आभूषणों और अन्य सामान की वास्तविक मात्रा का पता नहीं चल पाया है। सेल्सटैक्स विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोलकर जांच करने के बाद ही चोरी गए सामान का पूरा विवरण सामने आएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

