सूने घर से चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवरात व नकदी
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद,गृहस्वामी परिवार समेत बेटे के पास गया था गुड़गांव
झांसी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर गुड़गांव गए थे। इसी बात का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाशों ने घर के दरवाजे का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर ली। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब पड़ोसी ने उनके घर के दरवाजे खुले देखे और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ देखा। इस पर पड़ोसी ने घटना की सूचना थाना शहर कोतवाली पुलिस को दी। वहीं सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश बदमाश दिखाई दे रहे हैं जिन्होंने डेढ़ से दो घंटे रुक कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
थाना शहर कोतवाली के बड़ागांव गेट बाहर देव बिहार कॉलोनी में अशोक सोनी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका पुत्र आकाश गुड़गांव में रहता है। उसके तीन माह पूर्व बेटी हुई थी। उसके जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए अशोक सोनी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 19 फरवरी को घर पर ताला लगाकर गुड़गांव गए थे। यहां घर की जिम्मेदारी उनके दामाद पर थी। दामाद कल रात काम ज्यादा होने के चलते घर सोने नहीं पहुंच पाया। तभी देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की घटना में करीब पांच से सात लाख रुपये के सामान जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। लेकिन चोर कितने का माल ले गए इसकी सत्यता गृह स्वामी के घर लौटने पर ही मिलेगी। सूचना पर सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें कुछ बदमाश नकाबपोश दिखाई दे रहे। सीसीटीवी कैमरों के मुताबिक डेढ़ से दो घंटे रुककर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घुसे
चोर ताला तोड़कर पहले पोर्च एरिया आए और फिर खिड़की की जाली तोड़कर घर के अंदर दाखिल हो गए। एक कमरे की अलमारी और लॉकर तोड़ दिया। दूसरे कमरे की अलमारी तोड़ दी, मगर लॉकर नहीं तोड़ पाए। चोर घर से 1.78 लाख रुपये, सोने की 5 अंगूठी, चेन, चांदी की पायजेब समेत अन्य आइटम चोरी करके ले गए।
इनका है कहना
कोतवाली थाना प्रभारी राजेश अवस्थी का कहना है कि परिजनों से तहरीर लेकर केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

