home page

सर्राफा कारीगर की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैराें में लगी गोली

 | 
सर्राफा कारीगर की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैराें में लगी गोली


बांदा, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के थाना बबेरू क्षेत्र में सर्राफा कारीगर की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। थाना बबेरू और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया,जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।

घटना 24 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे की है,जब सूचना मिली कि तेज प्रकाश सोनी (45) को उसके ही पूर्व परिचित पड़ोसी ने अवैध असलहे से गोली मार दी है। पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बांदा सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी असलम पुत्र सैयद हुसैन, निवासी दूलथोक कस्बा बबेरू को मुरवल-बबेरू रोड स्थित मुरहा मोड़ के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शनिवार को बताया कि 24 अप्रैल 2026 को जनपद बांदा थाना बबेरू क्षेत्रांतर्गत देर शाम सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति के ऊपर उसके पूर्व परिचित व्यक्ति द्वारा मामूली बातों को लेकर फायर कर दिया गया, जिससे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारियों ने मौका मुआयाना किया। घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी बबेरू भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया। मेडिकल कॉलेज बांदा में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के सफल अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया। टीम की ओर से अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी है। अभियुक्त का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह