home page

बांदा में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या

 | 

बांदा, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के बबेरू कस्बे के पुनी बापू चक्की के पास शुक्रवार शाम करीब 8.30 बजे अज्ञात हमलावरों ने सोने-चांदी के कारीगर एवं सराफा व्यापारी को सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान कस्बे के दूल थोक निवासी तेज प्रकाश सोनी उर्फ पप्पू (45 ) पुत्र हरी प्रसाद के रूप में हुई है। वह सोने-चांदी का काम करते थे। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल सीएचसी बबेरू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, बिना परिजनों को सूचना दिए शव को मुख्यालय भेजे जाने पर परिजनों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन और सराफा व्यापारी अस्पताल के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे।

मृतक की पत्नी स्नेहा ने बताया कि हमलावर सुबह दो बार उनके घर आया था और शाम को फोन कर बुलाया, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और मां पुष्पा देवी को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना सराफा बाजार के पास होने के कारण सैकड़ों व्यापारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह