जेईटी परीक्षा-2021 फर्जीवाड़ा: डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने वाला आरोपित गिरफ्तार
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। जेईटी परीक्षा-2021 में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा उत्तीर्ण करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपित राहुल चौधरी (25) निवासी हरमाड़ा जयपुर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसओजी अब तक कुल 38 आरोपितों को गिरफ्तार/निरुद्ध कर चुकी है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर परीक्षा फर्जीवाड़े से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से वर्ष 2021 और 2022 में कृषि एवं अन्य विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए परीक्षाएं आयोजित कराने की जिम्मेदारी एसकेएन कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर को सौंपी गई थी। इसके तहत 8 अगस्त 2021 को राज्य के छह शहरों जयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर में जेईटी (संयुक्त प्रवेश परीक्षा), प्री-पीजी और प्री-पीएचडी परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। ये परीक्षाएं 96 केंद्रों पर हुई थीं।
जांच में सामने आया कि परीक्षा में फर्जीवाड़े के लिए एक संगठित गिरोह सक्रिय था। गिरोह ने षड्यंत्र रचकर वास्तविक अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाया। इसके बदले में लाखों रुपए की अवैध धनराशि का लेनदेन किए जाने की बात भी अनुसंधान में सामने आई।
जांच के दौरान राहुल चौधरी की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि उसने जेईटी परीक्षा में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। एसओजी अब गिरफ्तार राहुल चौधरी से पूछताछ कर डमी अभ्यर्थी उपलब्ध कराने वाले लोगों, परीक्षा फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपितों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

