कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा पेपर लीक में एक और दलाल गिरफ्तार
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 की 12 सितंबर 2021 को आयोजित पुनः परीक्षा के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने पेपर माफिया गैंग से सांठगांठ कर अभ्यर्थियों का सौदा करने वाले अभिषेक खंडेलवाल (32) निवासी सैंथल जिला दौसा हाल पत्रकार कॉलोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद एसओजी मामले से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। बंसल के अनुसार दिसंबर 2020 में आयोजित जेईएन भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर 12 सितंबर 2021 को पुनः परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इस पुनः परीक्षा का पेपर भी लीक होने के तथ्य सामने आने पर एसओजी ने जनवरी 2026 में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जहां जांच में सामने आया कि भूपेंद्र सारण गैंग का सक्रिय सदस्य और पेपर माफिया भीमसिंह यादव, निवासी बानसूर, जयपुर में विभिन्न शराब गोदामों में लोडिंग-अनलोडिंग का ठेका लेता था। वहीं आरोपित अभिषेक खंडेलवाल विभिन्न कॉलोनियों में घर-घर दूध सप्लाई का काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान भीमसिंह से हुई। इसके बाद अभिषेक का छोटा भाई भी भीमसिंह यादव के शराब गोदाम में मैनेजर के रूप में काम करने लगा। नजदीकी बढ़ने के बाद अभिषेक ने भीमसिंह के साथ मिलकर जेईएन अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले लीक पेपर पढ़वाने की योजना बनाई।
एसओजी की पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक खंडेलवाल ने अभ्यर्थियों की व्यवस्था कर प्रति अभ्यर्थी 14 लाख रुपये में लीक पेपर पढ़वाने का सौदा भीमसिंह यादव से किया था। इसके लिए उसने न्यू सांगानेर रोड, मानसरोवर स्थित राजीव विहार कॉलोनी में भीमसिंह यादव को एक मकान किराए पर दिलवाया। पुलिस के अनुसार इसी मकान में कई अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले लीक पेपर पढ़वाया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह मीणा ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक खंडेलवाल को गिरफ्तार किया और न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। एसओजी अब पेपर लीक प्रकरण में शामिल अन्य लोगों, अभ्यर्थियों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

