home page

उज्जैन में फार्म हाउस से जेसीबी चोरी, 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

 | 
उज्जैन में फार्म हाउस से जेसीबी चोरी, 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा


उज्जैन, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पानबिहार के समीप ग्राम बच्चुखेड़ा में स्थित एक फार्म हाउस में खड़ी एक जेसीबी चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेसीबी बरामद कर ली है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को रिमांड पर लिया है। वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पानबिहार चौकी के समीप ग्राम बच्चुखेड़ा में अर्पित अग्रवाल का फार्म हाउस है। जहां से बुधवार रात में अज्ञात बदमाश जेसीबी मशीन चुराकर ले गए। गुरूवार सुबह जब फार्म हाउस में जेसीबी दिखाई नहीं दी तो यहां रहने वाले संतोष राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर ग्राम गुनई जागीर से चोरी गई जेसीबी बरामद कर ली। पुलिस ने मामले में सीहोर निवासी गोपाल बंजारा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में गोपाल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी राहुल बंजारा, मोहन बंजारा और दो अन्य के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अब पुलिस फरार साथियों की खोज में जुटी है।

जल्द होगी गिरफ्तारीपुलिस ने गोपाल बंजारा को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल