उज्जैन-जावरा हाईवे निर्माण स्थल से जेसीबी चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार
खाचरौद 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे उज्जैन-जावरा ग्रीड हाईवे के निर्माण स्थल से जेसीबी मशीन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को खाचरौद पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पूर्व में इसी हाईवे निर्माण कार्य में मजदूरी कर चुका है और सिंगरौली जिले का निवासी है, जबकि उसका साथी कटनी जिले का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मण सिंह सिसोदिया ने 31 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कंचनखेड़ी फंटे के पास ग्रीड हाईवे निर्माण स्थल पर खड़ी उनकी जेसीबी मशीन को 29 अगस्त की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
हाईवे निर्माण में काम कर चुका था मुख्य आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी कृष्ण कमल पांडे पूर्व में इसी हाईवे निर्माण कार्य में ठेकेदार के पास काम कर चुका था। इस कारण उसे निर्माण स्थल, वहां खड़े वाहनों और आसपास के क्षेत्र की पूरी जानकारी थी। रक्षाबंधन के त्योहार के चलते हाईवे निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर और कर्मचारी अपने घर चले गए थे। आरोपियों ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर जेसीबी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
थाना प्रभारी निरीक्षक धनसिंह नलवाया ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित आसपास के मार्गों और ढाबों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर माकला फंटे के पास से दोनों आरोपियों को चोरी की गई जेसीबी मशीन सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने कृष्ण कमल पांडे उम्र 20 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 14, सरई, जिला सिंगरौली तथा डालचंद विश्वकर्मा उम्र 24 वर्ष, निवासी भादाबर, थाना बड़वारा, जिला कटनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कृष्ण कमल पांडे के खिलाफ सिंगरौली जिले के थाना सरई क्षेत्र में पूर्व में भी जेसीबी चोरी का मामला दर्ज है। उक्त मामले में वह फरार चल रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

