home page

संतरी ड्यूटी के दौरान जवान ने इंसास से खुद को मारी गोली, प्रेम प्रसंग की आशंका

 | 
संतरी ड्यूटी के दौरान जवान ने इंसास से खुद को मारी गोली, प्रेम प्रसंग की आशंका


किशनगंज, 13 सितंबर (हि.स.)। संतरी ड्यूटी के दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान द्वारा अपनी सरकारी इंसास राइफल से गोली मारकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद एसएसबी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे कथित प्रेम प्रसंग को वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी डीआईजी एकेसी सिंह, ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह और सीआई पंकज कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ वहां मौजूद जवानों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर बताया जा रहा है कि जवान ने रात करीब 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच संतरी ड्यूटी के दौरान अपनी सरकारी इंसास राइफल से सिर में गोली मार ली। घटनास्थल के समीप से इंसास राइफल का एक खोखा भी बरामद किया गया है। घटना के बाद मृतक की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान चयन मंडल, पिता प्रफुल्ल मंडल, निवासी जगाई बासन, थाना दीघा मोहन कोस्टल, जिला पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है।

पुलिस का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के कारणों और कथित प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह