home page

जौनपुर में 80 वारंटी और 12 वांछित गिरफ्तार

 | 
जौनपुर में 80 वारंटी और 12 वांछित गिरफ्तार


जौनपुर,12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने शुक्रवार को एक दिन में 80 वारंटी और 12 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने एक साथ अभियान चलाकर लंबे समय से न्यायालय में हाजिर न होने वाले वारंटियों और फरार चल रहे आरोपितों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान शाहगंज, खेतासराय, चंदवक, बरसठी, सरपतहाँ, मुंगराबादशाहपुर, नेवढ़िया, मछलीशहर, खुटहन, लाइनबाजार, केराकत, गौराबादशाहपुर, मड़ियाहूं, जलालपुर, सिंगरामऊ, रामपुर, बदलापुर, सुरेरी, महराजगंज, तेजीबाजार, मीरगंज और पवारा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए प्रमुख वारंटियों में शाहगंज क्षेत्र से कुन्दनलाल, जो दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं से जुड़े मुकदमे में वांछित था, शामिल है। बरसठी पुलिस ने अपहरण से संबंधित मामले में दीपक कुमार गौतम को गिरफ्तार किया। मड़ियाहूं पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित मनीष कुमार यादव को पकड़ा। गौराबादशाहपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अपहरण के मामले में वांछित अनिल पुत्र हीरा तथा तारा देवी को गिरफ्तार किया। मछलीशहर पुलिस ने धोखाधड़ी से जुड़े पुराने मामले में शमसुद्दीन शाह को गिरफ्तार किया।

वहीं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में कोतवाली पुलिस ने एक ही परिवार के पांच आरोपितों में विशाल वर्मा, विकास वर्मा, पूजा वर्मा, ज्ञान देवी और संध्या सेठको गिरफ्तार किया। नेवढ़िया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और एससी—एसटी एक्ट से जुड़े मामले में एक बाल अपचारी को पकड़ा। जलालपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित अभिषेक उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, जबकि सरपतहाँ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में किशन लोना को दबोचा। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव