home page

खूनी जुनून में महिला की हत्या, वारदात के 24 घंटे में झारखंड से गिरफ्तार हुआ आरोपित

 | 
खूनी जुनून में महिला की हत्या, वारदात के 24 घंटे में झारखंड से गिरफ्तार हुआ आरोपित


जशपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एकतरफा प्यार और सनक के चलते रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना आस्ता अंतर्गत ग्राम हर्री में एक 55 वर्षीय महिला की टांगिया (कुल्हाड़ी) से मारकर की गई नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। मृतका की बेटी से एकतरफा प्रेम करने वाले आरोप‍ित अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) को पुलिस ने पड़ोसी राज्य झारखंड के रायडीह से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपित फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुल‍िस के मुताब‍िक, वारदात 3 सितंबर की है, मृतका धनमनी बाई के 63 वर्षीय पति दोपहर को खाना खाकर मवेशी चराने जंगल चले गए थे और धनमनी घर पर अकेली थी। शाम करीब 6 बजे जब पति लौटे, तो घर के भीतर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। धनमनी जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थी, उसके चेहरे के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट के निशान थे और पास ही खून से सनी टांगिया पड़ी हुई थी। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। पति की सूचना पर आस्ता पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर के डीआईजी व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को तुरंत मौके पर भेजा गया। जांच और परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि ग्राम कोमडो निवासी अवधेश राम कुछ दिन पूर्व घर आया था और उसने विवाद किया था। जब पुलिस ने अवधेश के घर दबिश दी, तो वह फरार मिला। इसके बाद साइबर व तकनीकी टीम की मदद से आरोपित की लोकेशन झारखंड के रायडीह में ट्रेस की गई, जहां पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर उसे धर दबोचा।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि वह मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। युवती द्वारा बात करने से मना करने पर वह बौखलाया हुआ था। इसी रंजिश में वह मृतका के घर पहुंचा, जहां वह अकेली थी। जब महिला ने आरोपित को अपनी बेटी को परेशान न करने की सख्त हिदायत दी, तो वह आपा खो बैठा और घर में रखी टांगिया से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगिया जब्त कर ली है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 5 सितंबर को आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित खुलासे और गिरफ्तारी में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, आस्ता थाना प्रभारी अर्जुन यादव समेत पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह